आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में बांग्लादेश के ओपनर बल्लेबाज लिटन दास ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 41 गेंद पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 83 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 202.44 का रहा है। दाएं हाथ के बल्लेबाज शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उन्होंने इतिहास रच दिया। लिटन ने 18 गेंद पर अर्धशतक जड़ा और वह टी20 क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
लिटन दास की पारी की बदौलत बांग्लादेश ने बारिश प्रभावित मैच में 17 ओवर में 3 विकेट पर 202 रन का स्कोर खड़ा किया। लिटन से पहले बांग्लादेश के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड मोहम्मद अशरफुल के नाम था। उन्होंने साल 2007 में पहले टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था।
लिटन टी20 क्रिकेट में 18 गेंद पर अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के 11वें क्रिकेटर बने। 14 बार बल्लेबाज 18 गेंद पर अर्धशतक जड़ चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और वनुआटु के पैट्रिक मातौतवा 2-2 बार ऐसा कर चुके हैं। भारत की ओर से 18 गेंद पर केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव अर्धशतक जड़ चुके हैं।
राहुल ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2021 टी20 वर्ल्ड में यह करनामा किया था। वहीं सूर्यकुमार यादव गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 18 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था। टी20 में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के नाम है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया था। इसी मैच में उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड को 6 गेंद पर 6 छक्के लगाए थे।
2023-03-29T13:48:12Z dg43tfdfdgfd